मुख्य पृष्ठ राशि चिन्ह अनुकूलता अन्य राशियों के साथ वृश्चिक

प्रीमियम उत्पाद

वृश्चिक राशि का अन्य राशि के साथ प्रेम मिलान । Scorpio love Compatibility

Scorpio Love Compatibility
वृश्चिक राशि वालों का सबसे अच्छा मिलान कर्क, कन्या, मकर और मीन राशि वालों के साथ माना जाता है। 
 

वृश्चिक राशि का मेष के साथ मिलान/Scorpio love Compatibility with Aries 

 
जब एक बंधन की बात आती है तो वृश्चिक और मेष राशि के मिलान को मजबूत माना जा सकता है। दोनों के बीच एक रूमानी अंतरंग रिश्ता स्थापित हो सकता है। चूंकि दोनों ही राशियां मंगल ग्रह द्वारा शासित होती है इसलिए दोनों ही स्वभाव से सहज होते हैं। हालांकि एक बार जुड़ाव होने के बाद दोनों के स्वभाव में आक्रमकता भी देखी जा सकती है। यह उनके रिश्ते के लिए नुकसानदेह भी साबित हो सकता है। यौन जीवन के प्रति दोनों का आकर्षण सबसे ज्यादा रहता है लेकिन भावनात्मक स्तर पर वो एक दूसरे से नहीं जुड़ पाते हैं। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि, वृश्चिक राशि वाले अंदरूनी रूप से काफी भावनात्मक होते हैं और, उन्हें अपने पार्टनर से इस बात की अपेक्षा रहती है कि, वो बिना कहे उनकी बातों को समझ लें। लेकिन मेष राशि वालों के लिए उनकी अनकही विचारों या भावनाओं को समझना काफी मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही वृश्चिक राशि वालों को अपने पार्टनर में गहरे प्रेम की तलाश रहती है। दूसरी तरफ मेष राशि वाले शुरुआत में अपने रिश्ते को लेकर गंभीर नहीं रहते हैं, जो वृश्चिक राशि वालों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। यूँ तो दोनों को ज्योतिषीय आधार पर एक दूसरे के अनुकूल नहीं माना जाता है लेकिन एक दूसरे की जरूरतों का ख्याल रखते हुए वे अपने रिश्ते को भरसक सफल बना सकते हैं। 
 

वृश्चिक राशि का वृषभ से मिलान/ Scorpio love Compatibility with Taurus 

 
 वृश्चिक और वृषभ दोनों ही राशियां एक दूसरे के बहुत ही विपरीत मानी जाती है। प्यार और रिश्ते को लेकर दोनों के विचार और नजरिया एक दूसरे से काफी अलग होता है। हालांकि कुछ परिस्थितियों में उनके बीच एक मजबूत अंतरंग और भावनात्मक रिश्ता बन सकता है। जहाँ एक तरफ वृषभ राशि वालों को अपने पार्टनर से प्यार पाने की उम्मीद होती है वहीं वृश्चिक राशि वालों को अपने पार्टनर से गहरे अंतरंग रिश्ते की उम्मीद होती है। इस वजह से दोनों को एक दूसरे के साथ रिश्ते में बंधे होने का दवाब महसूस हो सकता है। हालाँकि उनके बीच का भावनात्मक जुड़ाव उन्हें एक दूसरे से अलग होने से बचा सकता है। वृषभ राशि वाले रिश्ते में हमेशा नया प्रयोग करना पसंद करते हैं जबकि वृश्चिक राशि वालों को पुराने ढर्रे पर चलना ही भाता है। इस वजह से भी दोनों के बीच दूरी आ सकती है। 
 
वृश्चिक राशि का मिथुन से मिलान/Scorpio love Compatibility with Gemini 
 
इन दोनों राशियों का मेल भावनात्मक स्तर पर अच्छा माना जा सकता है। हालांकि, उनका रिश्ता लंबा चलेगा या नहीं इसकी जानकारी जन्म कुंडली से निकाली जा सकती है। वृश्चिक और मिथुन राशि वालों के जन्म कुंडली में मौजूद ग्रहों की दशा का उनके रिश्ते पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। यौन जीवन की बात करें तो वृश्चिक राशि वाले स्वभाव से कामुक होते हैं जबकि मिथुन अलैंगिक। इस वजह से भी दोनों को एक दूसरे को समझने में दिक्कत हो सकती है। दोनों एक दूसरे की जरूरतों को अच्छी तरह से नहीं समझ पाते हैं। अगर इस राशि के दो लोगों के बीच प्यार हो जाता है तो उन्हें अपने रिश्ते को बरक़रार रखने के लिए काफी कोशिशें करनी होगी। वृश्चिक राशि वाले अंतरंग रिश्ते पर ज्यादा ध्यान देते हैं जबकि मिथुन मानसिक जुड़ाव पर। एक दूसरे के साथ बेहतर तालमेल बिठाने के लिए दोनों को भावनात्मक स्तर पर गहराई से जुड़ना होगा।  
 
वृश्चिक राशि का कर्क से मिलान/Scorpio love Compatibility with Cancer 
 
वृश्चिक और कर्क दोनों का ही राशि चिन्ह पानी है जो उन्हें साथ में रहने के लिए प्रेरित करता है। दोनों ही काफी भावनात्मक किस्म के होते हैं जिस वजह से उनके बीच एक गहरा भावनात्मक रिश्ता स्थापित होता है। वे एक दूसरे की भावनाओं और विचारों को अच्छी तरह से समझते हैं। इस रिश्ते में कर्क राशि वाले अपनी सभी भावनाओं को व्यापक तरीके से व्यक्त करते हैं। इसके साथ ही वो वृश्चिक राशि के मन की बातों को जानने में भी माहिर होते हैं। यह दोनों के बीच के प्रेम को और भी अधिक बढ़ाने में मददगार साबित हो सकता है। हालांकि दोनों के प्यार भरे रिश्ते के बीच में उनका गुस्सैल स्वभाव बाधक बन सकता है। इस एक चीज को नजरअंदाज कर वे एक अटूट रिश्ता कायम कर सकते हैं। वे शारीरिक जुड़ाव से ज्यादा मानसिक जुड़ाव में यकीन रखते हैं और यही कारण है कि दोनों को एक दूसरे के बिल्कुल अनुकूल माना जाता है। 
 

वृश्चिक राशि का सिंह से मिलान/Scorpio love Compatibility with Leo 

 
वृश्चिक और सिंह राशि के मिलान को वैदिक ज्योतिष के लिहाज से अनुकूल नहीं माना जाता है। हालांकि दोनों के बीच एक आवेगपूर्ण अंतरंग रिश्ता जरूर स्थापित हो सकता है। वृश्चिक राशि वालों को अपने पार्टनर के साथ बेहतर शारीरिक और मानसिक जुड़ाव के लिए जाना जाता है। लेकिन सिंह राशि वाले उनकी इस अपेक्षा को पूरा नहीं कर पाते हैं। दोनों के पसंद-नापसंद और स्वभाव में भी काफी अंतर देखा जा सकता है, इसलिए उनका लंबे समय के लिए एक साथ रहना संभव नहीं होता। या तो दोनों के बीच गहरा प्रेम संबंध स्थापित हो सकता है या फिर कुछ भी नहीं। इसके साथ ही दोनों के विचार अलग होने की वजह से उनका एक दूसरे से बातचीत करना मुश्किल हो जाता है। सिंह राशि वाले रिश्ते को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने में यकीन रखते हैं जबकि वृश्चिक को रिश्ते में सब्र बिल्कुल पसंद नहीं है। बहरहाल उनके रिश्ते को लेकर यह कहा जा सकता है कि, अगर वो अपने स्वभाव में थोड़ा बदलाव लाए तो उनका रिश्ता बेहतर बन सकता है।  
 

वृश्चिक राशि का कन्या से मिलान/Scorpio love Compatibility with Virgo 

 
वृश्चिक राशि वाले कन्या राशि वालों की सौम्यता को बेहद पसंद करते हैं। दोनों के बीच अंतरंग रिश्ता तभी बन सकता है जब उनके बीच भावनात्मक जुड़ाव होगा। वृश्चिक राशि वाले अपने पार्टनर के साथ रिश्ते को लेकर काफी खुले विचार रखते हैं। जबकि कन्या राशि वाले स्वभाव से थोड़े शर्मीले होते हैं, वो जल्दी अपनी भावनाओं को किसी के साथ साझा नहीं कर पाते हैं। इस वजह से पार्टनर के साथ उनका अंतरंग रिश्ता भी काफी हद तक प्रभावित होता है। दोनों के बीच एक बेहतर रिश्ते के लिए उनका एक दूसरे के साथ भावनात्मक संतुष्टि होना बेहद जरूरी है। लेकिन बिना उसके रिश्ते को जीवित रखना दोनों के लिए बोझ बन सकता है। हालांकि अपने रिश्ते की इस खाली जगह को भरने का काम वृश्चिक राशि वाले बिना अपने पार्टनर की मदद के ही कर लेते हैं। उनके बीच का गहरा प्रेम उन्हें किसी भी हाल में एक दूसरे से जुदा नहीं होने देता है। 
 

वृश्चिक राशि का तुला से मिलान/Scorpio love Compatibility with Libra 

 
यह दोनों ही राशियां एक दूसरे के साथ को लेकर उत्सुक तो रहते हैं लेकिन उनका साथ में रहना काफी मुश्किलों भरा हो सकता है। शुक्र और मंगल ग्रह द्वारा शासित यह राशियां एक दूसरे से काफी जुदा होती है। वे एक दूसरे को पसंद तो कर सकते हैं लेकिन उनके बीच एक गहरा रिश्ता बनाना इतना आसान नहीं होता। हालांकि दोनों को ही अपने पार्टनर से भरोसा, प्यार और भावनात्मक जुड़ाव की अपेक्षा रहती है। अगर दोनों एक दूसरे की जरूरतों पर ध्यान दें तो उनके बीच एक अटूट रिश्ता बन सकता है। जिस प्यार की उन्हें तलाश रहती है उसे एक बार पाने के बाद उससे दूर होना दोनों के लिए मुश्किल माना जाता है। देखा जाए तो वृश्चिक और तुला राशि वाले अगर थोड़ा प्रयास करें तो उनके बीच एक अच्छा रिश्ता बन सकता है। 
 

वृश्चिक राशि का वृश्चिक से मिलान/Scorpio love Compatibility with Scorpio 

 
एक ही राशि के होने की वजह से दोनों के रिश्ते में अपेक्षाओं का अंबार लग जाता है, जिससे दोनों को एक बोझ का एहसास हो सकता है। चूंकि दोनों की सोच, पसंद और नापसंद काफी मिलती है इसलिए वो एक अच्छे दोस्त तो बन सकते हैं लेकिन उनके बीच जिंदगी भर का रिश्ता स्थापित करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि दोनों के बीच एक गहरा अंतरंग रिश्ता जरूर बन सकता है। दोनों के बीच तालमेल ना बैठ पाने का सबसे बड़ा कारण उनका एक सामान स्वभाव ही है। हर रिश्ते को लंबा चलाने के लिए दोनों पार्टनर में से एक का शांत और समझदार होना जरूरी माना जाता है। इसलिए वृश्चिक का वृश्चिक के साथ तालमेल बैठना बहुत मुश्किल है। आमतौर पर समान स्वभाव के होने की वजह से लोगों का तालमेल अच्छा हो जाता है लेकिन वृश्चिक राशि वालों के साथ ऐसा नहीं है। 
 

वृश्चिक राशि का धनु से मिलान/Scorpio love Compatibility with Sagittarius  

 
अपने-अपने प्रभावशाली स्वभाव के कारण दोनों का रिश्ता एक दूसरे के अनुकूल नहीं माना जाता है। वृश्चिक और धनु दोनों ही राशियां अपने रिश्ते को लेकर आत्मविश्वास से भरपूर रहते हैं। वृश्चिक राशि वालों को स्वभाव से आक्रामक और कठोर माना जाता है जबकि धनु राशि वाले काफी रचनात्मक और हर माहौल में ढ़लने वाले होते हैं। इस वजह से वृश्चिक राशि वालों का विश्वास धनु राशि वालों में हमेशा बना रहता है। हालांकि धनु राशि वालों को वृश्चिक राशि वालों की बेरुखी रास नहीं आती। उनके रिश्ते को यह एक तथ्य काफी बुरी तरह से प्रभावित कर सकता है। इसलिए जरूरी है कि, वृश्चिक राशि वाले भी रिश्ते के प्रति उतनी ही जिम्मेदारी दिखाएं और उसे और भी बेहतर बनाने का प्रयास करें। उनके रिश्ते में प्यार की कोई कमी नहीं होती लेकिन दोनों में समझदारी का स्तर कम हो सकता है।
 

वृश्चिक राशि का मकर राशि से मेल/Scorpio love Compatibility with Capricorn 

 
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार वृश्चिक और मकर राशि के मेल को एक दूसरे के काफी अनुकूल माना जाता है। एक दूसरे के साथ उनका तालमेल बेहद सटीक बैठता है, मंगल ग्रह के प्रभाव के कारण दोनों के बीच गहरा प्रेम और आत्मिक रिश्ता स्थापित हो सकता है। दोनों एक दूसरे की जरूरतों को बहुत अच्छी तरह से समझ पाते हैं। चन्द्रमा के प्रभाव के कारण हालांकि दोनों बहुत ज्यादा भावनात्मक स्तर पर नहीं जुड़ पाते हैं। यह एक स्तर पर उनके रिश्ते पर नकारात्मक प्रभाव भी डाल सकता है। वृश्चिक और मकर राशि वालों के बीच एक संजीदा किस्म का आकर्षण होता है जो उन्हें एक दूसरे से जोड़कर रखता है। एक बार दोनों का जुड़ाव हो जाने पर उनका आपसी रिश्ता बेहद मजबूत हो जाता है। वृश्चिक राशि वाले अपने रिश्ते के प्रति शांति भाव दर्शाते हैं जिससे मकर राशि वालों को काफी सुरक्षित महसूस होता है। एक रिश्ते में बंधने के बाद दोनों का एक दूसरे से अलग होना नामुमकिन हो जाता है।  
 

वृश्चिक राशि का कुंभ से मिलान/Scorpio love Compatibility with Aquarius 

 
वृश्चिक और कुंभ राशि के बीच एक जोशीला और गहरा रिश्ता स्थापित तो हो सकता है लेकिन उसके लिए दोनों को काफी कुछ त्यागना होगा। कुंभ राशि वालों को अपना अहंकार त्यागना होगा और वृश्चिक राशि वालों को अपने पार्टनर की भावनाओं को समझना होगा। उनका रिश्ता एक समय के बाद आपसी तालमेल न होने की वजह से विफल हो सकता है। दोनों का राशि चिन्ह पानी और हवा होने की वजह से वो एक दूसरे की भावनाओं और ज्ञान का सम्मान करते हैं। हालांकि अगर उनके बीच किसी बात को लेकर एक बार कहासुनी हुई तो फिर वो जिंदगी में दोबारा कभी नहीं जुड़ सकते। जब रिश्ते में तर्कसंगतता, भावनात्मक स्थिरता और एक दूसरे के लिए उत्सुकता की बात आती है तो यहाँ उनका संतुलन बन पाना मुश्किल हो जाता है। कुंभ राशि वालों को रिश्ते में आज़ादी पसंद है जबकि वृश्चिक राशि वाले अपने पार्टनर से हर एक चीज को साझा करना और उनसे करवाना पसंद करते हैं। इस वजह से भी उनके बीच एक विश्वास का रिश्ता स्थापित नहीं हो पाता है। 
 

वृश्चिक राशि का मीन से मिलान/Scorpio love Compatibility with Pisces 

 
वृश्चिक और मीन राशि को एक दूसरे के लिए बिल्कुल उपयुक्त माना जाता है। इसका एक कारण यह है कि, दोनों का राशि चिन्ह पानी है। इस वजह से दोनों एक दूसरे के साथ गहरे भावनात्मक डोर से बंध जाते हैं। प्यार के मामले में मीन राशि वाले रोज नए प्रयोग करते रहते हैं। वो वृश्चिक राशि के अपने पार्टनर की सभी जरूरतों को समझते हुए उन्हें काफी अच्छी तरह से एक खुशनुमा रहते में बंधे होने का एहसास दिलाते हैं। हालांकि उनके ऊपर शुक्र ग्रह का प्रभाव होने की वजह से उन्हें प्रेम जीवन में कुछ चुनौतियों का सामना भी करना पड़ सकता है। असल में वृश्चिक राशि वाले मीन राशि वालों की भावनाओं को नजरअंदाज कर सकते हैं। इसका नकारात्मक प्रभाव दोनों के अंतरंग रिश्ते पर पड़ सकता है। हालांकि उनके बीच का गहरा आत्मिक जुड़ाव उनके बीच की दूरियों को वक़्त रहते ही ख़त्म कर देता है। इस वजह से दोनों के रिश्ते को एक दूसरे के अनुकूल माना जाता है। 

ज्योतिष रहस्य