मुख्य पृष्ठ ग्रहों मंगल ग्रह मंगल वृषभ राशि में

प्रीमियम उत्पाद

मंगल का वृष राशि में होना | Mars in Taurus sign

मंगल का वृषभ राशि में होना प्रभावशाली, धैर्यशील, समझदार आर्थिक रुप से संपन्न एवं कर्तव्यनिष्ठ बनाता है। मंगल एक आक्रामक अग्नि तत्व युक्त ग्रह है और वृषभ राशि पृथ्वी तत्व युक्त स्थिर राशि है। ऐसे में इन दोनों का एक सतह पर होना काफी मामलों में सकारात्मक परिणाम देने में सक्षम होता है। वृष राशि शुक्र के स्वामित्व की राशि है और मंगल का शुक्र के साथ संबंध साधारण ही माना गया है। पर इनकी तटस्था इतनी खराब भी नहीं होती है, क्योंकि मंगल वृषभ में रहते हुए अपनी उर्जाओं का अच्छे से उपयोग कर पाने में भी सक्षम होता है। यह कुछ मामलों में दोनों के भीतर की कशमकश अवश्य दिखाई देगी जिससे इंकार नहीं किया जा सकता है, किंतु यह नकारात्मक रुप से काम नहीं करती है। यह लम्बे और दूरगामी परिणामों को उचित स्तर पर दिखाने में सहायक बनती है। 

 

मंगल की उग्रता को यहां धीमापन भी प्राप्त होता है। चीजों में बहुत जल्दबाजी दिखाने से बच सकता है। वृष धैर्य और सहनशीलता को दर्शाती है, जिसका कुछ अभाव मंगल के पास दिखाई देता है। ऎसे में यहां मंगल अब बहुत अधिक तीव्र होकर निर्णय नहीं लेता है और सोच समझ कर विचारशीलता के पश्चात ही प्रतिक्रिया में शामिल होना पसंद करता है। 

 

मंगल में उत्साह होता है। वृषभ में कलात्मक गुण होते हैं, ऐसे में व्यक्ति को एक अच्छी रचनात्मकता का ज्ञान भी प्राप्त हो सकता है। यहां अनुभवों से सीखने में भी मदद मिलती है। वृष राशि और शुक्र का प्रभाव मंगल की उत्साह और आक्रामकता पर कुछ नियंत्रण भी दिखाता है। कुछ मामलों में ये लोग आलसी दिखाई दे सकते हैं, किंतु ऐसा वास्तविकता में नहीं होता है। सोचने समझने के कारण समय अवश्य लग जाता है। थोड़े धीमे हो सकते हैं, किंतु काम करने में निपुण एवं परिश्रमी भी होते हैं। इनके भीतर मेहनत करने का गुण भी अच्छा होता है। यहां जिद्दीपन बना रहता है और जब क्रोध आता है। तो उसे संभाल पाना आसान नहीं होता है। 

 

स्वभाव एवं व्यक्तित्व होता है आकर्षक 

मंगल के वृष राशि में होने पर व्यक्ति बलिष्ठ एवं मजबूत कद काठी प्राप्त कर सकता है। साहस और निडर स्वभाव भी इनमें देखने को मिलता है। यह डरपोक नहीं होते हैं, बल्कि सोच समझ कर रणनीति द्वारा अपने शत्रु को परास्त करने में कुशल होते हैं। मंगल की ऊर्जा में यहां कुछ बदलाव अवश्य दिखाई देते हैं। शारीरिक गतिविधियों में बहुत अधिक शामिल होने से अधिक बौद्धिक स्तर पर काम करने की इच्छा ज्यादा दिखाई दे सकती है।  अत्यधिक गतिविधियों में शामिल होने से बेहतर कुछ चीजों अपना ध्यान केन्द्रित करना पसंद कर सकते हैं। अपनी उर्जा को हर बार नए स्तर पर व्यर्थ न करते हुए एक कार्य पर लगाते हुए उसे पूरा करने के लिए काफी प्रयासशील दिखाई दे सकते हैं। 

 

मिलनसार व्यक्तित्व होता है, किंतु जो इनके मन को भाता है उसी के साथ समय बिताना पसंद करेंगे। भीड़ में न चलकर खुद की पहचान को लेकर अधिक सजग दिखाई दे सकते हैं। अन्य के लिए सहायक होते हैं किंतु साथ ही अपने पर अधिक ध्यान देना पसंद करते हैं। इनकी मानसिक एकाग्रता उत्कृष्ट दिखाई दे सकती है। अपने अनुभवों और गलतियों से बहुत कुछ सीखते भी हैं। आशावादी होते हैं तथा जीवन को प्रेम शांति तथा आरामदायक स्थिति से जीना अधिक स्थान देना पसंद करते हैं। दृढ़ निश्चयी और स्थिर स्वभाव के कारण इनके विचारों में जल्दी से बदलाव देखने को नहीं मिलता है। अपने निर्णयों को लेकर काफी जिम्मेदार होते हैं। 

 

करियर और व्यवसाय को लेकर होते हैं सजग

मंगल का वृष राशि में होना करियर के मामले में कई सारी संभावनाओं को दिखाता है। यहां व्यक्ति के भीतर कई सारी चीजों को कर पाने की क्षमता होती है। जहां साहस निडरता का गुण व्यक्ति को उच्च पद प्रदान करता है, तथा साहसिक कामों से पीछे नहीं होने देता। वहीं शुक्र के प्रभाव के कारण व्यक्ति में संगीत, पेंटिंग, विलासिता आदि जैसे सौंदर्य और कलाओं में अधिक रुचि रह सकती है। व्यक्ति के पास कलात्मक प्रतिभा भी होती है, जिसके द्वारा वह अपने जीवन में अच्छी सफलता और ख्याति प्राप्त कर सकता है। व्यक्ति शानदार और आरामदायक जीवन शैली जीना पसंद करता है। मंगल और वृषभ धन का उचित रुप से प्रबंधन करने की क्षमता भी देते हैं। अपने आर्थिक मसलों को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं 

 

मंगल वृष राशि में है, तो व्यक्ति अपने काम में स्थिरता और सुरक्षा की चाहत भी रखता है। कारोबार में वह अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। अच्छे सुझाव और योजनाओं के द्वारा काम को बेहतर ढंग से पेश करने में भी योग्यता रखता है। धीमी लेकिन लम्बी दौड़ को जीत पाना आसान होता है। अपने संकल्प को पूरा कर पाने की क्षमता मिलती है। कार्य में व्यावहारिक हो सकते हैं, लेकिन कभी-कभी वह अपने काम को करने में जिद्दी और दृढ़ प्रतिज्ञ होकर परेशानी भी उठा सकता है। धन कमाने की कला अच्छे से जानते हैं। अपने काम और मेहनत वहीं लगाना पसंद कर सकते हैं जहां से धन प्राप्त किया जा सके। इनकी भाषा में कठोरता झलक सख्ती है, वैसे व्यक्ति कई बार वाणी के माध्यम से भी अच्छा धन अर्जित कर पाने में सफल भी होते हैं। वाणी में ओज होता है तथा एक अच्छे वक्ता की भूमिका भी निभाने में सफल हो सकते हैं। 

 

प्रेम और विवाह संबंधों के प्रति बनी रहती है रुचि 

प्रेम के मामले में व्यक्ति काफी रोमांटिक और दिलकश भी होते हैं। प्यार में ये कामुक भी होते हैं इनके भीतर का आकर्षण इनके स्वरूप में भी झलकता है जो किसी को भी इनकी ओर आकर्षित कर देने में सक्षम होता है। रिश्तों में साथी के प्रति निष्ठा भी इनमें होती है। अपने रिश्ते में स्थिरता की इच्छा रखते हैं। साथी के साथ जीवन में एक लम्बा समय व्यतीत करना चाहते हैं। विवाह संबंधों में भी अपने जीवन साथी के प्रति इनकी सोच परिष्कृत होती है। अपने साथी के सुख दुख को साझा करने की प्रवृत्ति रखते हैं। इनके स्वभाव में क्रोध और जिद भी होती है और साथी को यह सिर्फ अपने तक रखना चाहेंगे और दुनिया जहां से छुपा कर अपने पास ही उसका होना उन्हें पसंद आता है। 

 

विवाह संबंध अनुकूल रहते हैं। परिवार के प्रति भी यह लोग काफी समर्पित रहते हैं। घर की देखभाल करना परिवार को उचित सुरक्षा देने की कोशिश हमेशा करते हैं। अच्छा जीवन जीना तथा शालीन भव्य जीवन शैली इन्हें पसंद आता है। अपने साथी को भी अपनी ओर से हर अच्छी वस्तु प्रदान करना चाहते हैं। अपने प्यार को जाहिर करने में जल्दबाजी न दिखाना चाहें किंतु इनके भीतर की उत्तेजना इन्हें साथी के साथ हरदम बने रहने के लिए उकसाती भी है। 

आप हमारी वेबसाइट से सभी भावों में मंगल के प्रभावग्रहों के गोचर और उसके प्रभावों के बारे में भी पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य