प्रीमियम उत्पाद

मंगल का मीन राशि में होना | Mars in Pisces

मंगल के मीन राशि में होने पर संवेदनशील, रचनात्मक, सौम्यता, कलात्मक, कोमल, व्यवहार कुशलता, बौद्धिकता का गुण प्राप्त होता है। मीन राशि में मंगल की स्थिति अनुकूल मानी जाती है। यहां मंगल कुछ शीतलता का अनुभव भी करता है। ज्ञान की प्राप्ति का मार्ग भी सुगम होता है। मीन राशि एक जल तत्व राशि है और मंगल अग्नि तत्व तोमंगल के यहां होने पर क्रोध की अधिकता भी कुछ धीमी दिखाई दे सकती है। मीन राशि का स्वामी बृहस्पति है जो मंगल ग्रह के साथ मित्रता का संबंध भी रखता है। इस कारण से मंगल की स्थिति मीन राशि में होने पर सकारात्मक फल प्राप्त होते हैं। 

 

मीन राशि को शुभ एवं आध्यात्मिक गुणों से युक्त भी माना जाता है, इस कारण से मंगल के यहां होने पर शुभता एवं उचित अनुचित का भेद को समझ पाने का ज्ञान भी मिलता है। मंगल मीन राशि में होकर अपने आप को भी कई तरह से विकसित कर पाता है। मंगल अपने साहस एवं उत्साह के द्वारा जीवन के रहस्यों को जान पाने में सफल होता है। समाज को बदल देने की योग्यता भी व्यक्ति को प्राप्त होती है। 

 

मंगल के मीन राशि में होने पर विचारशीलता को बल मिलता है। यहां पर अब एक विचार काम नहीं करता है हर ओर से चीजों को परखने का गुण भी विकसित होता है। इसी के साथ आचरण में कठोरता का भाव कम होता है। दूसरों के साथ मिलकर काम करने तथा समाज के कमजोर पक्ष को ऊपर उठाने के लिए भी काम किए जाते हैं। दूसरों के लिए व्यक्ति सहायक बनता है। भावनात्मक भी होता है। चीजों से ऊपरी ओर से जुड़ना पसंद नहीं करता है अपितु आंतरिक रुप से सभी के साथ मिलकर आगे बढ़ने की इच्छा होती है। 

 

स्वभाव और व्यक्तित्व से होते हैं शालिनी सभ्य 

मंगल के मीन राशि में होने पर व्यक्तित्व में शालीनता होती है तथा यह लोग भावनाओं से ओत प्रोत रहते हैं। लगाव और स्नेह के साथ अपने रिश्ते को निभाते हैं। अपने व्यवहार के कारण ही ये लोग सभी के मध्य प्रेम और सहयोग को भी प्राप्त कर पाने में सक्षम होते है़ इनके भीतर जो सत्यता होती है वह दिल को छू लेने वाली होती है। समाज के लिए भी आगे रहकर काम करते हैं। सहज भाव के साथ सभी के प्रति प्रेम विश्वास का भाव भी रखते हैं। इनके हृदय में कोमलता होती है और दूसरों के दुख को देखकर व्यथित भी होते हैं अपनी ओर से हर संभव कोशिश करते हैं सहायता एवं सहयोग देने की। इनका व्यक्ति मिलनसार होता है। उदार हृदय के साथ लोगों के प्रति सेवा भाव भी होता है। मंगल के मीन के साथ होने पर विचारों का द्वंद भी इनके भीतर पनप सकता है। किसी एक चीज को कई पहलुओं से देखने और समझने की अच्छी योग्यता होती है।

 

मीन राशि को आध्यात्मिक राशि माना जाता है और इसके स्वामी बृहस्पति को भी धर्म कारक माना गया है तो मंगल के इस में आने पर व्यक्तित्व में धार्मिकता का गुण भी शामिल होता है। आध्यात्मिक गतिविधियों में शामिल रह सकते हैं। सामाजिक रुप से नैतिकता और अच्छे आचरण को प्रस्तुत करते हैं।दूसरों को भी उचित राह दिखाने वाले होते हैं कई बार एक अच्छे मार्गदर्शक की भूमिका को भी निभाने में कामयाब रह सकते हैं।  इन्हें भ्रमण की इच्छा भी रहती है देश विदेश के अनेक स्थलों पर जाते भी हैं। आर्थिक रुप से संपन्न होते हैं। प्रतिष्ठा एवं सम्मान प्राप्त करते हैंएक अच्छी बेहतर जीवन शैली को जीने में कामयाब भी होते हैं। 

 

करियर और व्यवसाय में पाते हैं मान समान  

मंगल के मीन राशि में होने पर व्यक्ति ज्ञानी होता है। अपनी बुद्धि और समझ के बल पर कई स्थानों पर प्रतिष्ठा भी पाने में सफल हो सकता है। व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में सभी के साथ मिलकर काम करने में निपुण होता है। सहकर्मियों अथवा साझेदारी में किए जाने वाले काम में भी इन्हें सफलता प्राप्त हो सकती है। मीन राशि में मंगल का प्रभाव व्यक्ति को शिक्षण संस्थान से जोड़ सकता है। गुरु या उपदेशक बना सकता है। गायन, वक्ता के रुप में अच्छा स्थान प्राप्त कर सकते हैं। 

 

व्यक्ति में कलात्मक एवं रचनात्मक योग्यता भी होती है। अपनी इस प्रतिभा के द्वारा भी धनार्जन के साथ साथ यश की प्राप्ति भी कर सकते हैं। किसी कला कृति का निर्माण हो या फिर कोई प्रस्तुती हो ये लोग इसमें अच्छा प्रदर्शन करने में सफल हो सकते हैं। सलाहकार बन सकते हैं, ज्योतिष, दर्शन इत्यादि गूढ़ ज्ञान को भी ग्रहण करके इसमें कार्य कर सकते हैं। व्यवसाय क्षेत्र में ये लोग काफी अच्छा कर पाने में सक्षम होते हैं। इनकी जान पहचान ही इनकी सफलता के लिए विशेष होती है। 

 

प्रेम और विवाह संबंधों में होते हैं भावुक व संवेदनशील 

मंगल का मीन में होना व्यक्ति के प्रेम संबंधों में मजबूती स्थिरता देने वाला होता है। रिश्तों को लेकर ये काफी भावनात्मक भी होते हैं। अपने साथी के लिए समर्पित भी रहते हैं। पल भर के साथ से अधिक उम्र भर का साथ इन्हें चाहिए होता है। इनकी व्यवहार कुशलता के चलते लोग इनसे जल्द प्रभावित होते हैं तथा इनकी सौम्यता प्रेम तत्व को आत्मिक आनंद प्रदान करने वाली होती है। मंगल जहां यौन आकर्षण उत्पन्न करता है वहीं रिश्तों में गहराई इस राशि के प्रभाव से मिलती है। 

 

अपने प्रेम जीवन और अन्य रिश्तों में ये लोग एक आदर्श की भांति दिखाई देते हैं। परिवार के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वाह करना इन्हें पता होता है। इमोशनल होते हैं और जल्द ही दूसरे के दुख सुख में स्वयं का दुख सुख जोड़ लेते हैं। किसी के साथ जब इनका मन मिलता है तो उसके प्रति इनकी भावना सच्ची होती है। इनके लिए प्रेम अभिव्यक्ति का गहरा रुप है जिसके द्वारा ये अपने मनोभावों को पूर्ण रुप से अपने साथी के समक्ष रखना चाहते हैं। चीजों के प्रति इनका आशावादी रुख दूसरों को भी प्रकाशित करने जैसा होता है। 

आप हमारी वेबसाइट से सभी भावों में मंगल के प्रभावग्रहों के गोचर और उसके प्रभावों के बारे में भी पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य