मुख्य पृष्ठ ग्रहों मंगल ग्रह सिंह राशि में मंगल

प्रीमियम उत्पाद

मंगल का सिंह राशि में होना | Mars in Leo Sign

मंगल के सिंह राशि में होने पर यह उत्साह, जोश से भरा हुआ, आत्मविश्वासी, चंचल और गर्व प्रदान करने वाला होता है। मंगल जो एक अग्नि तत्व युक्त ग्रह हैं और सिंह राशि भी एक अग्नि तत्व राशि है इन दोनों का मेल होना अत्यधिक गर्माहट दिखाता है। यहां दोनों के गुणों में कुछ समानता स्थिति को कुछ जटिल तो कुछ रोमांचक बना देती है। सिंह राशि का स्वामी सूर्य है और मंगल ग्रह से मित्रता होने के कारण मंगल के लिए ये स्थिति अनुकूल भी मानी गई है। मंगल का सिंह में होना व्यक्ति के भीतर कभी न खत्म होने वाली ऊर्जा को दिखाता है। यहां व्यक्ति को ढेर सारा साहस मिलता है, नेतृत्व करने में वह अत्यंत कुशल होता है। सिंह राशि को जन्मजात नेता माना गया है और मंगल का साथ पाकर यह दुनिया को बदल देने में भी सक्षम है। अपने जीवन की राह स्वयं तय करने वाला गुण व्यक्ति को मिलता है। परिस्थितियां कैसी भी हों उनसे लड़ने की क्षमता भी इसमें खूब देखने को मिलती है।

 

मंगल के सिंह राशि में होने पर क्रिया और प्रतिक्रियाओं का दौर तेज दिखाई दे सकता है। यहां चीजें उच्च स्तर पर दिखाई देती हैं। इन दो ऊर्जाओं को ज्योतिष शास्त्र में काफी महत्वपूर्ण माना गया है। मंगल का प्रभाव सिंह में आने पर मंगल को बल प्राप्त होता है। सिंह राशि राजसिक राशि है तथा ज्ञान को दर्शाती है। मंगल का यहां होना व्यक्ति को अब साहस पौरुष के साथ ज्ञानवान भी बनाता है। यहां पर जो गतिविधियां होती हैं उनका प्रभाव जीवन के हर पहलू पर पड़ता है। यह भव्यता का समावेश होता है। जीवन को उच्च आध्यात्मिक एवं शालीन स्तर पर ले जाने वाली स्थिति भी है। यहां व्यर्थ की बातें नहीं होती हैं। सोच समझ कर कार्यों को करने की योजना दिखाई देती है। 

 

व्यक्तित्व एवं स्वभाव से होते हैं प्रभावशाली 

मंगल का सिंह राशि में होना व्यक्तित्व को काफी प्रभावशाली बनाता है। व्यक्ति का रौब उसकी प्रतिक्रियाओं का असर दूर तलक दिखाई देता है। दोनों ही अग्नि तत्व हैं इस कारण व्यक्ति के भीतर क्रोध, गुस्सा होना स्वाभाविक है लेकिन यह स्थिति तभी अधिक दिखाई देती है जब चीजें नियम एवं उचित रुप से नहीं होती हैं। यहां पर बौद्धिकता में चमक देखने को मिलती है। व्यक्ति में मैं की प्रवृत्ति अधिक होती है। अपने ज्ञान और भाषा शैली की प्रभावशीलता से यह सभी को मंत्रमुग्ध भी कर सकते हैं। गलत चीजों के प्रति तुरंत अभिव्यक्ति देने में सक्षम होते हैं। मजबूत कद काठी को पाते हैं साहसिक कार्यों को करने से घबराते नहीं हैं। जोखिम और रोमांच के कामों में आगे रह सकते हैं। अपने समक्ष किसी और को आसानी से खड़े नहीं होने देते हैं। अपने विरोधियों के साथ प्रतिस्पर्धा में विजय प्राप्ति में भी सफल होते हैं। कुछ मामलों में अभिमानी भी दिखाई दे सकते हैं।  

 

अभिव्यक्ति और आनंद दोनों ही कामों को करने में आगे रहते हैं। पुरानी बातों को सोच कर उन पर अड़े रहने से अच्छा आगे बढ़ कर नए अवसरों की तलाश भी इनके व्यक्तित्व में दिखाई देती है। कुछ नए की तलाश में  उपलब्धियों को पाने की चाह इनमें रहती है। स्वतंत्र रह कर काम करने की प्रवृत्ति अधिक होती है दूसरों के आर्डर सुनना इन्हें अधिक पसंद नहीं आता है। स्वयं को शिखर पर देखने की इनकी इच्छा ही इन्हें सफलता दिलाने में सहायक भी बनती है। यदि अच्छे पहलू हैं तो कुछ नकारात्मक पक्ष भी हैं जिसमें आत्मविश्वास एक अच्छी बात है, अति आत्मविश्वास परेशानी का कारण बन सकता है जो इनमें कई बार देखने को मिल जाता है। 

 

दूसरों के प्रति दया परोपकार एवं सुरक्षा प्रदान करने का भाव भी इनमें रहता है। ये लोग एक रक्षक की भांति भी होते हैं। अपने दिल की अधिक सुनते हैं। हर चीज में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। ढुलमुल रवैया इन्हें पसंद नहीं आता है। काम में स्फूर्ति और तेजी इन्हें पसंद होती है।  जब मंगल सिंह राशि में होता है तो व्यक्ति समय बर्बाद करना पसंद नहीं करता है। अपने जीवन में लक्ष्यों को साधते हैं जीवन को मूल्यवान जान कर अहम भूमिका निभाना चाहते हैं, सक्रिय रहना चाहते हैं, और अपनी भावनाओं को बेहतरीन रुप से प्रकट करना चाहते हैं। 

 

करियर और व्यवसाय के क्षेत्र में अपने नेतृत्व के बल पर पाते हैं सफलता 

अपने काम को लेकर काफी उत्साहित होते हैं और जोश के साथ होश भी रखते हैं। अपने निर्णयों को सोच विचार के द्वारा आगे प्रस्तुत करते हैं। चुनौतियों से घबराते नही हैं। इन्हें चैलेंज पसंद होते हैं, अपने कार्यक्षेत्र में यह टीम लीडर की भूमिका में भी दिखाई दे सकते हैं। ये लोग सुरक्षा से जुड़े विभाग में कार्य करने में उत्कृष्ट होते हैं। साहस और निडरता की भावना ही इन्हें सेना, पुलिस, डाक्टर, कानून, वन्य विभाग, कठोर कार्यों इत्यादि को करने में कुशलता प्रदान करती है। जोखिम भरे दुस्साहसिक कामों को करने में ये सफल होते हैं।

 

नौकरी या व्यवसाय दोनों ही स्थानों पर इनकी भूमिका अग्रीण रहती है। इन लोगों में चमकने की और कुछ कर गुजरने की चाह होती है। जिस काम में आगे बढ़ते हैं उसमें अपनी छाप छोड़ना चाहते हैं। कई बार इनका अत्यधिक क्रोध और अहम का भाव दूसरों को इनसे दूरी बनाने के लिए भी प्रेरित कर सकता है लेकिन काम में इनकी प्रतिस्पर्धा सभी को अचंभित कर सकती है। अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जी तोड़ मेहनत करने से भी पीछे नहीं हटते हैं। 

 

प्रेम और विवाह संबंध होते हैं खास 

प्रेम और विवाह संबंध सामान्य रुप से इन्हें प्रभावित करते हैं। मंगल के सिंह राशि में में होने पर व्यक्ति में कामुकता रोमांस होता है। अपने साथी के प्रति आप लगाव भी रखेंगे। अपने रिश्ते के प्रति जिम्मेदारी से भरा रुख भी इनका होता है। रिश्तों में परेशानी स्वभाव में क्रोध की अधिकता के कारण हो सकती है। अपने संबंधों को लेकर ये ईमानदार होते हैं। गलत व अनैतिकता से दूर रहते हुए जीवन को जीना पसंद करते हैं। कई बार साथी पर अधिक अधिकार की भावना इनके रिश्ते में तनाव ला सकती है किंतु यदि प्रेम और धैर्य के साथ चीजों को करते हैं तो इन दिक्कतों का हल भी आसानी से प्राप्त हो जाता है। परिवार के प्रति समर्पित रहते हैं। जीवन को भव्य एवं शालीनता से जीना पसंद करते हैं। अपनों की इच्छाओं आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भी इनका मन काफी विचारशील रहता है। 

आप हमारी वेबसाइट से सभी भावों में मंगल के प्रभावग्रहों के गोचर और उसके प्रभावों के बारे में भी पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य