मुख्य पृष्ठ ग्रहों मंगल ग्रह मिथुन राशि में मंगल

प्रीमियम उत्पाद

मंगल का मिथुन राशि में होना | Mars in Gemini

मंगल का मिथुन राशि में होना बुद्धि, चातुर्य, उत्साह, धनवान, घुमंतू, स्वच्छंद बनाता है। मंगल एक अग्नि तत्व युक्त ग्रह है और मिथुन एक वायु तत्व राशि है। मंगल का मिथुन में होना अग्नि को बढ़ाने का कार्य करता है। यहां मंगल अधिक विस्तार पाता है किंतु इन दोनों ऊर्जाओं में विरोधाभास भी अधिक दिखाई देता है। मिथुन राशि का स्वामी बुध है, मंगल की बुध ग्रह के साथ संबंधों में कठोरता अधिक दिखाई देती है। इन दोनों के मध्य आपसी मतभेद होने के कारण ही मंगल मिथुन राशि में होने पर काफी विपरीत गुण भी दिखा सकता है। किंतु बुध की तार्किकता तथा विचारशीलता यहां मंगल के लिए काफी उपयोगी भी सिद्ध होती है। मिथुन में मौजूद मंगल व्यक्ति को बौद्धिक क्षमता देता है किंतु साथ ही तर्क वितर्क में भी कुशल बनाता है। यहां इन्हें हरा पाना आसान नहीं होता है इनकी बातों के आगे कई बार दूसरे लोग नतमस्त भी हो जाते हैं। 

 

मंगल का साहस मिथुन के स्वच्छंद मस्ती भरे आवरण में काफी अलग दिखाई देता है। मंगल ग्रह मिथुन राशि के साथ मिलकर अपने उत्साह में काफी आगे तक भी निकल सकता है। यहां चीजें अनियंत्रित सी भी दिखाई दे सकती हैं, जिन्हें संभाल पाना मुश्किल हो सकता है। मंगल के मिथुन में होने पर व्यक्ति यदि अपनी उर्जा को सही जगह पर लगाता है, तो इसका उसे अच्छा परिणाम मिल सकता है लेकिन जहां यह उर्जा गलत दिशा की ओर रुख करती है तो वहां काफी परेशानी दे सकती है। इन दोनों का विरोधाभास जातक पर गहरा असर डालता है। व्यक्ति एक साथ अनेक कामों को करने में भी माहिर हो सकता है। अपने आस-पास की चीजों को लेकर अधिक तनाव नहीं लेना चाहेगा। बदलाव की इच्छा अधिक बनी रह सकती है ऐसे में ये स्थिति मानसिक तनाव और चिंता भी बढ़ा सकती है। 

 

व्यवहार एवं व्यक्तित्व बनाता है सभी के मध्य प्रसिद्ध

मंगल के मिथुन राशि में होने पर व्यक्ति का स्वभाव कुछ हठी, अस्थिर, साहस, और उद्यमी हो सकता है। बुद्धिमान होता है तथा निर्णय लेने में काफी प्रभावी रहता है। मिलनसार, मज़ेदार और सामाजिक व्यक्ति होते हैं। लोगों के साथ गर्मजोशी से मिलते हैं। द्विस्वभाव राशि मिथुन में मंगल का होना विचारों को अत्यधिक विस्तार देता है। एक से अधिक विचार मन में बनते हैं। निर्णय लेने में ये चीज काफी सहायक भी बन सकती है। व्यक्ति चीजों को कई दृष्टिकोण से समझ सकता है। उत्तेजित और व्यथित भी हो सकते हैं। बेचैन तथा कुछ कुछ कार्य करने की इच्छा भी इनमें रह सकती है। 

 

अपनी उर्जा को हर समय उपयोग करने में तत्पर दिखाई दे सकते हैं दिमाग से काफी सक्रिय रहते हैं ऐसे में इन्हें मानसिक शांति और एकाग्रता की कमी परेशान कर सकती है। भ्रमणशील रह सकते हैं। घूमना फिरना और नई चीजों के साथ जुड़ना इन्हें पसंद हो सकता है। इनमें अन्वेषण करने की योग्यता भी अच्छी हो सकती है। स्वतंत्र रह कर कार्य करना पसंद करते हैं तथा दूसरों के द्वारा अपनी आजादी पर हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं। विद्रोही स्वभाव भी होगा और अपने मन के अनुसार काम करने की इच्छा इनमें अधिक रह सकती है। 

 

मंगल का मिथुन में होने का एक लाभ यह भी है कि विचारों और नए तरीके से आगे बढ़ने के लिए साहस भी है। सोचने की शक्ति के साथ उस पर कार्रवाई करने और उसे वास्तविकता में बदलने की क्षमता भी है। मंगल की आक्रामकता थोड़ी कम होती है, क्योंकि अब बुद्धि का उपयोग भी अधिक होता है बातचीत के द्वारा भी मसलों को हल कर लेने की कुशलता प्राप्त होती है। जातक एक अच्छा वक्ता हो सकता है। अपनी संवाद शैली द्वारा विरोधियों को परास्त कर देने में भी सफल होता है। यहां शारीरिक बल के साथ मानसिक बल भी काम करता है। जातक के भीतर कई तरह की अभिरुचियों के साथ जुड़ने की इच्छा शक्ति भी होती है। शौक पूरा करने में काफी उत्साहित भी होता है। 

 

करियर और बिजनेस में मिलती है अपार सफलता

कार्यक्षेत्र में ये लोग काफी प्रगतिशील होते हैं। मिथुन राशि में मंगल के होने पर व्यक्ति अविश्वसनीय रूप से सक्रिय दिखाई देता है। हर काम को करने में उत्साहित होता है। काम से जी नहीं चुराते हैं। इन्हें यूं ही बैठे रहना पसंद नहीं आता है, व्यस्त रहना ओर अपने आप को किसी गतिविधि में शामिल रखते हैं। व्यक्ति में लेखन, कविता, संचार से जुड़े काम करने की अच्छी क्षमता होती है। मल्टीटास्किंग व्यक्ति होते हैं जिसके बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम में सफलताएं भी पाते हैं। यात्रा, रिसर्च और ट्रैवल गाइड के रुप में काम करके अच्छा लाभ अर्जित कर सकते हैं। खेलकूद में भी ये लोग काफी अच्छे होते हैं तो इस क्षेत्र में जुड़ कर अपना काम कर सकते हैं। रचनात्मक और बहुमुखी प्रतिभा के बल पर अपने कार्यक्षेत्र में अच्छी सफलता एवं प्रसिद्धि प्राप्त कर पाते हैं।        

 

प्रेम और विवाह संबंध 

प्रेम और विवाह को लेकर काफी जोश और उत्साह में रहते हैं। प्यार में काफी उत्साहित होते हैं। रोमांस में काफी माहिर भी होते हैं। अपने साथी के साथ ढेर सारी मौज मस्ती करना पसंद आता है। मिथुन राशि में मंगल का आकर्षण काफी कमाल का होता है तो लोग इनकी ओर खिंचे चले सकते हैं। ये लोग भीड़ में भी अलग से दिखा देते हैं। जातक को ऐसे लोगों की ओर अधिक आकर्षित होता है जो रोमांच पसंद होते हैं। अपने साथी में स्मार्ट, दिलचस्प, मजेदार और रोमांचक होने का गुण इन्हें काफी पसंद लगता है। 

 

जीवन में एक से अधिक रिश्ते भी इनके जीवन में देखने को मिल सकते हैं। इनमें धैर्य की कमी होती है, बहस करने की जल्दी होती है, और बिना सोचे-समझे बोलने की प्रवृत्ति कई बार दूसरों का दिल भी दुखाने वाली होती है इसलिए अपने इस अनियंत्रित पक्ष को अधिक ध्यान देने की जरूरत होगी। विवाह संबंध सामान्य रहते हैं, जीवन साथी के साथ कई बार मतभेद भी अधिक उभर सकते हैं यहां अगर साथी के साथ विचारों में अलगाव होगा तो ये स्थिति परेशानी दे सकती है। रिश्ते में विश्वास एवं अस्थिरता चिंता दे सकती है।

आप हमारी वेबसाइट से सभी भावों में मंगल के प्रभावग्रहों के गोचर और उसके प्रभावों के बारे में भी पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य