प्रीमियम उत्पाद

मंगल का मकर राशि में होना | Mars in Capricorn

मंगल के मकर राशि में होना साहस, ऊर्जा, चतुर, परिश्रमी, संघर्षशील, महत्वाकांक्षी, उद्यमी, सफल व्यक्तित्व को दर्शाता है। मंगल ग्रह को ज्योतिष शास्त्र अनुसार मकर राशि में उच्चस्थ स्थिति का माना जाता है। मकर में बैठ कर मंगल की ऊर्जा और उसकी अभिव्यक्ति काफी अग्रीण होकर काम करते हुए देखी जा सकती है। मंगल के मकर राशि में होने पर कई तरह के फलों को देखा जा सकता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मंगल जिस मकर राशि में उच्च का होता है उसी राशि का स्वामी शनि ग्रह होता है। ज्योतिष शास्त्र में मंगल और शनि के संबंधों में परस्पर विरोधाभास देखने को मिलता है। मंगल जो हर समय बढ़ने क्रियाशीलता की बात करता है वहीं शनि धीमे-धीमे आगे बढ़ने की स्थिति को दर्शाता है। एक में ऊर्जा की अत्यधिक मात्रा उसे रुकने नहीं देती है और दूसरे शांत गहनता के साथ जाना होगा। इन कारणों से परिणाम काफी अप्रत्याशित से दिखाई देती है। 

 

मंगल बेलगाम ऊर्जा है और शनि अटकाव, कठिनाइयां देता है इस प्रभाव के चलते मकर राशि में मंगल वाला व्यक्ति अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने के लिए अधिक संघर्ष करते हुए भी देखा जा सकता है। मंगल के मकर राशि में होने पर व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से काफी मजबूती भी प्राप्त हो सकती है। वह अपने काम में कई बार अत्यधिक कठोर हो सकता है चीजों में अड़ सकता है जिसके चलते कई बार अनुकूल फलों को पाने के लिए इंतजार भी अधिक करना पड़ जाता है। मकर के मंगल की स्थिति आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित करती है। निडर और दबंगता भी प्राप्त होती है। कई तरह के चैलेंज स्वीकार लेने में ये लोग सक्षम होते हैं। 

 

व्यक्तित्व और स्वभावगत विशेषताएं 

मंगल के मकर राशि में होने पर व्यक्ति का स्वभाव कठोर, दृढ़, आक्रामकमेहनती, जागरूक, सजग एवं चातुर्य युक्त होता है। व्यक्ति ऊपरी तौर पर कठोर दिखाई दे सकता है किंतु आंतरिक रुप से कोमल होता है। भावनात्मक होता है किंतु अपनी भावनाओं को बहुत अधिक प्रकट करने में निपुण नहीं होते हैं इस कारण से कई बार इनकी सौम्यता दूसरों को दिखाई नहीं दे पाती है। ये लोग परंपराओं का पालन करने वाले तथा समाज में नियमों को लेकर काफी सजग भी होते हैं। कई बार रहस्यमय लग सकते हैं जिसके भीतर झांकने की हर कोई इच्छा रखता है किंतु ये अलग थलग अधिक दिखाई देते हैं जिसके कारण रिश्तेदारों या अपनों से इनके संबंधों में कुछ दूरी भी दिखाई दे सकती है। 

 

इनमें जीवन को जगाने और संबंध बनाने के लिए भावनाओं को प्रदर्शित करने का गुण अधिक अच्छा नहीं होता है। कई बार ये लोग रिजिड भी दिखाई दे सकते हैं किंतु ऐसा होता नहीं है। दूसरों के प्रति इनके दिल में स्नेह और उदारता का भाव सदैव रहता है। समाज सेवा कामों में भी ये लोग बहुत अधिक शामिल दिखाई दे सकते हैं जो इनके चरित्र का एक ऎसा पक्ष होता है जिससे दूसरे लोग अचंभित भी होते हैं। समाज के कमजोर तबके के प्रति ये इनके मनोभाव काफी कोमल होते हैं। मकर राशि में मंगल के होने से व्यक्ति बहुत अधिक समर्पित दिखाई दे सकता है। वह अपनी कठोरता से अलग जब किसी के प्रति कुछ करता है तो ये समाज के लिए मिसाल का काम भी करता है। इनमें बौद्धिक एवं चातुर्य का गुण भी अच्छा होता है। अपनी पहचान बनाने में इन्हें कामयाबी भी प्राप्त होती है। इनका परिश्रमी होना ही इन्हें जीवन की चुनौतियों से लड़ने के लिए सदैव प्रेरित करता है।  

 

करियर और व्यवसाय को लेकर रहते हैं परिश्रमी

मंगल के मकर राशि में होने के कारण व्यक्ति कर्त्यनिष्ठ होता है। अपने काम में ईमानदार भी होता है। काम को लेकर ये दूसरों पर निर्भरता पसंद नहीं करते हैं। अपने आप हर काम को करना इनकी खूबी होती है। अपने काम में इन्हें कई बार कड़ी मेहनत का फल मिलने में समय लग जाता है, किंतु ये सफलता अवश्य पाते हैं। अपने दृढ़ संकल्प द्वारा ये कार्यों को करने और चुनौतियों से निपटने में भी काफी सक्षम होते हैं। कार्यक्षेत्र में इनके द्वारा किए जाने वाले प्रयास भविष्य को काफी सुविधाजनक बना सकते हैं। अपने जीवन के कर्म क्षेत्र में ये लोग अच्छा करते हैं। कार्यक्षेत्र में मान सम्मान भी पाते हैं। इनकी मेहनत और परिश्रम का इन्हें सम्मान प्राप्त होता है। उच्च पद प्राप्ति करने पाने में ये लोग सफल होते हैं चाहे कुछ समय लगे किंतु सफलताएं इनके पक्ष में कार्य अवश्य करती हैं। 

 

अपने करियर में इनके लक्ष्य काफी बड़े होते हैं। महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने हेतु तथा एक अच्छा स्थान प्राप्त करने की इनके भीतर उत्कंठा साफ दिखाई देती है। अपने कर्म क्षेत्र के लिए किए गए इनके प्रयास ही इन्हें भौतिक सुख संपदा भी प्रदान करते हैं। ये लोग जीवन में सुख समृद्धि  संपत्ति और आरामदायक जीवन जीने हेतु संघर्ष भी करते हैं। अपने साथ साथ दूसरों के लिए ये लोग काफी प्रभावी होते हैं। इनके साथ अन्य लोग भी सफलता की सीढियां चढ़ सकते हैं। करियर में ये लोग आगे रह कर काम करने वाले होते हैं। इन्हें टीम लीडर बनना भी पसंद होता है। नेतृत्व करने की इनकी क्षमता बहुत अच्छी हो सकती है। मकर राशि में मंगल के होने पर व्यक्ति, संपत्ति से जुड़े काम, प्रॉपर्टी डीलर का काम, निर्माण से जुड़े काम, वाहन इत्यादि से संबंधित काम, वकालत, जज, राजनीति से जुड़े काम, बड़ा व्यवसाय इत्यादि कर सकता है। रक्षक, सुरक्षा परिषद, पुलिस, साहसिक कार्य, धातु, इंधन, अग्नि एवं अन्य खदानों से संबंधित कामों में शामिल हो सकता है। 

 

प्रेम और विवाह संबंध होते हैं विशेष 

प्रेम के मामले में व्यक्ति काफी संवेदनशील होता है, अपनी भावनाओं को लेकर बहुत अधिक मुखर न हों इस कारण से कई बार खुद में ही अंतर्द्वंद को भी झेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। अपनी ओर से रिश्ते में समर्पित होते हैं अपने साथी के प्रति वफादार भी होते हैं। कल्पनाओं से अधिक वास्तविकता के धरातल पर काम करते हैं। इस कारण से लग सकता है की कम रोमंटिक हैं लेकिन इनके भीतर प्रेम और यौन आकर्षण कमाल का होता है। ये अपने रिश्ते में साथी की आवश्यकताओं का पूरा ख्याल रखना पसंद करते हैं। 

 

विवाह संबंध एवं परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह भी पूर्ण रुप से करते हैं। अपने मन बात को सीधे और स्पष्ट रुप से कह देना इन्हें पसंद होता है।मकर राशि में मंगल इन्हें प्रतिबद्धता का गुण भी देता है जो इनके रिश्ते की नींव को मजबूत करता है। संबंधों में जल्दबाजी करने वाले नहीं होते हैं। अपने प्रेम को विश्वास की कसौटी पर खरा उतरते हुए देख कर ही आगे बढ़ते हैं। कामुकता इनमें बहुत होती है किंतु ये तभी दिखाई देती है जब साथी इनके करीब होता है। दिखावा इन्हें पसंद नही आता है.

आप हमारी वेबसाइट से सभी भावों में मंगल के प्रभावग्रहों के गोचर और उसके प्रभावों के बारे में भी पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य