मुख्य पृष्ठ ग्रहों मंगल ग्रह मंगल कुम्भ राशि में

प्रीमियम उत्पाद

मंगल का कुंभ राशि में होना | Mars in Aquarius

मंगल ग्रह के कुंभ राशि में होने पर आदर्श, आशा, उत्साह, स्वतंत्रता का भाव अधिक देखने को मिलता है। मंगल कुंभ राशि में अनुकूल फल दे सकता है। कुंभ राशि शनि के स्वामित्व की राशि है लेकिन यह एक सकारात्मक शुभ राशि भी है। इस राशि में बैठ कर मंगल को भी इस शुभता की प्राप्ति होती है। जहां मंगल मकर जो शनि की ही अन्य राशि है वहां कुछ जिद क्रोध, स्वयं में अधिक दिखाई देता है वहीं कुंभ राशि में आकर ये गुण बदले हुए होते हैं। यहां मंगल का आना व्यक्ति को मिलनसार भी बनाता है। 

 

सामाजिक रुप से हो या स्वयं को लेकर व्यक्ति की चाह स्वतंत्र रुप से काम करने और उत्साह के साथ जीवन का आनंद लेने की होती है। कुंभ का प्रभाव मंगल को बौद्धिकता एवं गहराई से जुड़ने का अवसर भी देता है। कुंभ राशि में अनंत संभावनाएं दिखाई दे सकती हैं। यहां विचारों की सोच की कल्पनाओं की विशालता दिखाई दे सकती है। सभी ओर से जुड़ने की कोशिश भी यहां हो सकती है। मंगल का प्रभाव यहां काफी उत्साहवर्धक दिखाई देता है। जोश और आदर्श का गुण भी इसमें शामिल होता है। 

 

मंगल ग्रह अग्नि तत्व युक्त है और कुंभ राशि एक वायु तत्व युक्त राशि है। इन दोनों का एक साथ होना व्यक्ति में ऊर्जा को अधिक बढ़ा सकता है। रोमांच भी होता है और नई चीजों को करने का जुनून भी होता है। अपने आप को दिखाने में आगे रहते हैं। नई चीजों से जुड़ते हैं तथा खोज करते हैं। कुंभ राशि में मंगल की स्थिति व्यक्ति के भीतर उत्सुकता वाली भी होती है। भावनाओं की प्रबलता भी यहां देखने को मिलती है। मानवीय गुणों से युक्त कुंभ राशि मंगल को समाज में बदलाव के लिए भी प्रेरित करती है। अपने साथ कई लोगों को लेकर चलने का गुण भी प्राप्त होता है। लोगों के नेतृत्व को कर पाने में भी ये लोग सक्षम होते हैं। 

 

स्वभाव एवं व्यक्तिगत विशेषताएं 

मंगल के कुंभ राशि में होने पर व्यक्ति एक उदार व्यक्तित्व को दर्शाता है। अपनी स्वतंत्रता, अपने रिश्तों के प्रति प्रेम एवं भावनात्मक लगाव भी इसमें खूब होता है। व्यक्तित्व की छाप दूसरों पर भी असर अवश्य डालती है। कुम्भ में मंगल के होने से व्यक्ति अपनी चाल और विचारधारा से आगे बढ़ने की इच्छा अधिक रखता है। यहां दबाव या व्यर्थ के मुद्दों को लेकर उलझने की इच्छा कम ही होती है। व्यक्ति अपने विचारों और महत्वाकांक्षाओं के प्रति सजग होता है।  उन्हें पूरा करने के लिए उत्साहित भी रहता है। मुखर होता है तथा गलत चीजों के प्रति बोलने में सक्षम होता है। मंगल के कुम्भ में होने पर आकर्षण भी होता है जो दूर तक दिखाई देता है। लोग इनसे जुड़ते हैं और इनके साथ मित्रता करने के लिए भी इच्छुक होते हैं। व्यक्ति प्रसन्नता एवं बेहतर दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ना पसंद करता है। बौद्धिक लोगों की संगत भी इन्हें अच्छी लग सकती है। 

 

अपने जीवन में उच्च एवं विशिष्ट लोगों के साथ जुड़ने एवं काम करने का अवसर भी इन्हें मिलता है। अपने आसपास की गतिविधियों पर इनकी नजर भी होती है। कुछ स्थानों पर लापरवाह स्वभाव भी देखने को मिल सकता है। अपने विचारों को दूसरों के सामने रखने से ये लोग डरते नहीं हैं और अपनी बात को कहने में भी कुशल होते हैं। एक अच्छी जीवन शैली जीने के शौकीन होते हैं साधन संपन्नता को भी पाने में सफल होते हैं। काल पुरुष कुंडली में कुंभ राशि एकादश भाव में आती है यह स्थान हमारी आय, इच्छाओं, संबंधों को दर्शाता है। मंगल के यहां होने पर इन चीजों को पाने की इच्छा तो ही है साथ ही व्यक्ति इन को पाने में काफी सफल भी होता है। व्यवहार कुशल भी होते हैं तथा स्थिति के अनुरूप ढलने की कला भी जानते हैं।

 

करियर और बिजनेस में रहते हैं आगे 

कुंभ राशि में मंगल का होना कार्यक्षेत्र के लिए अच्छा होता है। व्यक्ति कई स्थानों पर संभावनाओं की तलाश करने में आगे रह सकता है। कई तरह के काम करने में महारत भी हासिल कर सकते हैं। इनके काम करने के तरीके में बदलाव की इच्छा भी दिखाई देती है। एक तरह का काम करते करते ये जल्द ही बोरिंग फील कर सकते हैं। अपने काम में बदलाव और नया आजमाने की इच्छा भी इनके होती है। अपने कार्यक्षेत्र में नई योजनाएं बनाने और उन्हें लागू करने में भी काफी आगे रह सकते हैं। जल्दबाज भी होते हैं ऎसे में कुछ परेशानियां भी देखनी पड़ सकती हैं। जोश और रोमांच की तलाश इनमें अधिक होती है। ये लोग दुस्साहसिक कामों को करने में भी आगे रह सकते हैं। किसी भी तरह से सोचने और कार्य करने के लिए स्वतंत्र होते हैं और दूसरों के नियंत्रण में काम कर पाना इनके लिए काफी मुश्किल हो सकता है। भविष्य के निर्माण को लेकर भी प्रयास करते देखे जा सकते हैं.

 

मंगल और कुंभ मिल कर व्यक्ति को जोखिम भरे काम करने की प्रवृत्ति दे सकता है, व्यक्ति नेतृत्व कर सकता है और राजनीति से भी जुड़ सकता है। लेखन और भाषण जैसे काम कर सकता है। अच्छा वक्ता होने का गुण मिलता है। संचार का क्षेत्र हो या फिर मार्केटिंग से जुड़ा काम सफलता प्राप्त कर सकते हैं। जमीन, संपत्ति के कामों में शामिल हो सकते हैं। व्यवसाय में इनके रिस्क लेने का गुण ही इन्हें आगे भी बढ़ा सकता है। ये लोग अपने तेजी से निर्णय लेने की कुशलता से दूसरों को चकित कर सकते हैं। समस्या को सुलझाने की योग्यता भी इन्हें काफी हद तक प्राकृतिक रुप से प्राप्त होती है। ये लोग मार्गदर्शक भी बन सकते हैं तो वहीं धर्म उपदेशक भी हो सकते हैं। 

 

प्रेम और विवाह संबंध  

प्यार के मामले में ये लोग रोमांटिक होते हैं। प्रेम भरी बातें करना और अपनी भावनाओं का इजहार भी करना जानते हैं। कई तरह से अपनी इच्छाओं को अपने साथी के सामने रखने में आगे रह सकते हैं। प्यार को लेकर ये उत्साहित होते हैं स्पर्श और प्रेम भरी बातें इन्हें अच्छी लग सकती हैं। अपने मित्रों के मध्य इनका विशेष स्थान होता है। अपने रिश्ते में ये लोग काफी भावनात्मक भी होते हैं। संबंधों को गहराई से जानने और पाने की इच्छा इनमें होती है। 

 

प्यार का रिश्ता हो या फिर परिवार ये लोग सभी के साथ अपनत्व रखते हैं। न्यायप्रिय व्यक्ति होते हैं। अपनी और दूसरों दोनों की इच्छाओं को समान महत्व भी देते हैं। नियमों में बहुत अधिक बंध नहीं पाते हैं, किंतु दूसरों की भावनाओं का आदर अवश्य करते हैं। विवाह संबंध अनुकूल रहते हैं। ये लोग अपने जैसा ही साथी पाने की चाह रखते हैं क्योंकि इनका उन्मुक्त एवं स्वतंत्र अस्तित्व अपने साथी के साथ मौज मस्ती करने और एक रोमांचक जीवन जीने की चाह रखता है।

आप हमारी वेबसाइट से सभी भावों में मंगल के प्रभावग्रहों के गोचर और उसके प्रभावों के बारे में भी पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य