मुख्य पृष्ठ ग्रहों बृहस्पति वृश्चिक राशि में बृहस्पति

प्रीमियम उत्पाद

वृश्चिक राशि में बृहस्पति/Jupiter in Scorpio Sign

बृहस्पति का वृश्चिक राशि में होना प्रतिभाशाली, दृढ़ संकल्प एवं इच्छा शक्ति से युक्त बनाता है। वृश्चिक राशि मंगल के स्वामित्व की राशि हैं किंतु जल तत्व युक्त भी है तो यहां बृहस्पति व्यक्ति को जोशीला बनाने के साथ साथ ही सूझबूझ से आगे बढ़ने की योग्यता भी देता है। बृहस्पति का वृश्चिक राशि में होना आकर्षक एवं चुंबकीय व्यक्तित्व प्रदान करता है। साहस, निडरता एवं उत्साह व्यक्ति में अच्छा होगा। वह अपने प्रभशाली व्यक्तित्व के बल पर दूसरों के मध्य स्वयं को मजबूत स्थिति में स्थापित कर पाने में सक्षम होते हैं। अपने भाग्य का निर्माण अपनी मेहनत द्वारा ही करते हैं। प्रयास करने से पीछे नही हटते हैं। व्यक्ति बुद्धिमान होता है, अनेक पुत्र भी पाता है। उच्च पद एवं मान सम्मान प्राप्त कर सकता है। विदेश में भाग्य का निर्माता हो सकता है। बाहरी लोगों के मध्य प्रसिद्धि को पाता है।  

 

स्वभाव एवं व्यवहार से होते हैं कुछ सख्त तो कुछ नरम 

आप एक कठोर एवं सख्त मिजाज वाले व्यक्ति हो सकते हैं। वाणी से चाहें क्रोध झलके किंतु मन से काफी कोमल होते हैं, किंतु अपनी भावनाओं को बहुत अधिक खुल कर व्यक्त न करना चाहें। विनम्रता का गुण और व्यवहार कुशलता इनके स्वभाव में होता है। अपनों का तथा दूसरों का सम्मान करना जानते हैं, किंतु गलत चीजों को सहन नहीं कर पाते और तुरंत रिएक्ट करने के कारण इन्हें गलत भी समझ लिया जाता है। धर्म एवं ईश्वर में आस्था रखते हैं किंतु बहुत अधिक रूढ़िवादिता से भी बचते है। खुले विचारों वाले होते हैं और इनमें न्याय और सही और गलत को समझने की अच्छी योग्यता भी होती है। अगर कोई इन्हें धोखा देता है तो इनमें बदले की भावना भी प्रबल होती है। किंतु अनैतिक कार्यों से दूर रहने वाले होते हैं तथा नियमों के प्रति इनकी निष्ठा होती है। अपने मजबूत नैतिक सिद्धांतों का पालन करते हैं। ऐसे लोगों की ओर जल्द आकर्षित होते हैं, जो इन्ही के समान सिद्धांतों एवं आदर्श के साथ जीवन को जीना जानता हो। 

 

आर्थिक और सामाजिक स्थिति होती है अच्छी 

बृहस्पति के वृश्चिक राशि में होने का प्रभाव उचित मान सम्मान दिलाता है तथा समाज में पद प्रतिष्ठा पाते हैं। कामकाज में कुशल होते हैं। व्यक्ति में मेहनत करने की अच्छी क्षमता होती है। उपयोगी योजनाओं को शामिल करके अपने काम में अच्छे परिणाम पाने में सफल होता है। अपने जीवन में लक्ष्यों के प्रति सजग रहता है। काम के प्रति निष्ठा और लगन बनी रहती है। लगातार की जाने वाली मेहनत व्यक्ति को सफलता और आर्थिक समृद्धि दिलाने में भी बहुत सहायक बनती है। 

 

कार्यक्षेत्र एवं व्यवसाय साहस एवं प्रतिभा के बल पर पाते हैं सफलता 

अपने कार्यक्षेत्र के लिए ये जिस भी फील्ड को अपनाते हैं उसमें आगे तक बढ़ने में भी सफल रहते हैं। जासूसी के कार्यों में, किसी नई रिसर्च को करने में, नई योजनाओं को बनाने और उनको कैसे लागू किया जाए इस से जुड़े कामों में, सलाहकार के रुप में तथा जहां हिम्मत और फैसले लेने की आवश्यकता हो वहां अच्छा प्रदर्शन करने में सफल हो सकते हैं। सेना, सहायक, मैनेजमेंट, अधिकारी, न्याय कर्ता, होटल मैनेजमेंट, रक्षा के क्षेत्र, प्रशिक्षण संस्थानों के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हो सकते हैं। कारोबार में इनके उचित फैसलों के द्वारा अच्छी उपलब्धियों को प्राप्त किया जाना संभव होता है। मेहनत एवं लगन द्वारा आर्थिक रुप से संपन्न होते हैं। रहन सहन में बेहतर एवं नियम निर्देशों का पालन करने में भी आगे रह सकता है। शिक्षित और समझदार व्यक्तित्व को पाते हैं। 

 

जब अपने काम में योजना, प्रयास या समर्पण के साथ लगते हैं तो अपनी सफलताओं से दूसरों को भी प्रभावित करने में सफल होते हैं। अपनी तीव्र इच्छा शक्ति, भावनात्मक और मानसिक शक्तियों को केंद्रित करने में कुशल होते हैं। सोच समझ कर आगे बढ़ते हुए लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। इनके द्वारा लिए गए फैसले एवं प्रभावी क्रियाशीलता भाग्य को अपने पक्ष में मोड़ लेने वाली होती है। बृहस्पति और वृश्चिक का योग व्यक्ति के भीतर जोश की अभिव्यक्ति को मजबूती देता है। 

 

प्रेम और विवाह संबंध में चाहते हैं निष्ठा और समर्पण का भाव 

अपने रिश्ते में काफी लगाव और अधिकार का भाव रखते हैं। सतही के प्रति इनका गहरा भाव होता है। अपने प्रेमी से ईमानदारी और समर्पण का भाव चाहते हैं। प्रेम को लेकर इनके भीतर कई रंग होते हैं। अपने प्रेमी के साथ भरपूर जीवन को जीना पसंद करते हैं। साथी के साथ घूमना फिरना, कुछ नया करना इन्हें पसंद है। रिश्ते में बहुत अधिक दिखावे की प्रवृत्ति से दूर रहते हैं। लाग लपेट इन्हें पसंद नहीं होता। प्यार में सच्चाई और स्नेह इन्हें अत्यधिक प्रिय होता है। यौन एवं प्रेम संबंधों के मामलों में अच्छी नैतिकता रखने वाला हो सकता है। वैवाहिक संबंधों में जोश और उत्साह बना रहता है। यौन एवं प्रेम संबंधों के मामलों में अच्छी नैतिकता रखने वाले होते हैं। अपने साथी को लेकर थोड़ा अधिक अधिकार जता सकते हैं, किंतु इनके अधिकार में इनकी गहरे प्रेम की अभिव्यक्ति होती है।  

आप ज्योतिष में विभिन्न प्रकार के योगों, विभिन्न कुंडली दोषों, सभी 12 ज्योतिष भावों, ग्रहों के गोचर और इसके प्रभावों के बारे में अधिक पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य