मुख्य पृष्ठ ग्रहों बृहस्पति बृहस्पति धनु राशि में

प्रीमियम उत्पाद

धनु राशि में बृहस्पति

बृहस्पति का धनु राशि में होना काफी महत्वपूर्ण माना गया है। धनु राशि का स्वामित्व बृहस्पति को प्राप्त होता है, इसलिए यहां बृहस्पति काफी प्रभावी एवं मजबूत स्थिति का माना जाता है। बृहस्पति ज्ञान का कारक होता है और धनु राशि इसकी मूल त्रिकोण राशि होती है। इन दोनों का योग जातक को अच्छी बौद्धिकता प्रदान करता है। उचित अनुचित का निर्णय करने की योग्यता काफी उत्तम होती है। अपनी कार्यशैली में जातक काफी आक्रामक तीव्र एवं स्फूर्ति से भरा होता है। 

 

बृहस्पति का यहां होना साहस, ऊर्जा, जिद, स्वाभिमान एवं आत्मशक्ति की मजबूती को दर्शाता है। बृहस्पति धनु में होने पर उदार, विनम्र, बुद्धिमान, आध्यात्मिक,  दार्शनिक, आशावादी प्रवृत्ति देता है। बृहस्पति का प्रभाव जातक को काफी आत्म सम्मान से भरपुर बनाता है। अपने काम को लेकर काफी सजग रहते हैं लक्ष्य पर निगा रहती है जो सफलताएं दिलाने में सहयोग करती है। धनु राशि अग्नि तत्व युक्त राशि है और एक शिकारी का प्रतीक चिन्ह दर्शाती है ऎसे में यहां बैठा गुरु व्यक्ति को काफी महत्वाकांक्षी और प्रतिबद्ध बनाने वाला होता है। ऊर्जाओं का गजब संयोग दिखाई देता है। आगे बढ़ कर काम करने में काफी सक्षम दिखाई देते हैं। 

 

नेतृत्व और लक्ष्य साधन में होते हैं कुशल   

बृहस्पति का धनु राशि में होना आपको प्रतिभाशाली एवं समृद्धशाली बनाने में सक्षम होता है। व्यक्ति अपने साथ साथ दूसरों का मार्गदर्शन करने वाला भी होता है। समाज में प्रतिष्ठा एवं मान सम्मान पाते हैं। सामाजिक रुप से काफी सक्रिय रहते हैं। जन कल्याण से जुड़े कामों में भी भागीदार बन सकते हैं। परिवार में काफी महत्वपूर्ण स्थान पा सकते हैं। घरेलू मुद्दों पर राय एवं निर्णय लेने में भी काफी सहयोग करते हैं। मित्रता पूर्ण संबंधों वाले तथा सहयोगी भी होते हैं। परिवार के प्रति काफी सहयोगी भी होते हैं नियमों और निर्देशों को लेकर काफी अडिग भी दिखाई दे सकते हैं। नैतिक पूर्ण कार्यों को करने और समाज में आदर्शवादी सिद्धांतों के प्रचारक भी हो सकते हैं। 

 

धार्मिक अनुष्ठान, धार्मिक परंपरा में इनकी अच्छी रुचि भी देखने को मिल सकती है। व्रत, दीक्षा, यज्ञ जैसे कामों में आगे रहकर शामिल हो सकते हैं। सामाजिक क्षेत्र में मान सम्मान प्रतिष्ठा का बहुत अधिक ध्यान रखते हैं। जातक के पास धन लाभ प्राप्ति एवं आर्थिक स्थिरता का सुख प्राप्त होता है। जातक परोपकारी कामों में शामिल होता है। अपनों के साथ मित्रवत व्यवहार करने वाला होगा तथा दूसरों की मदद करने का स्वभाव भी होता है। भ्रमण का शौकीन हो सकता है। देश विदेश में ख्याति प्राप्त करने वाला होगा। 

 

करियर और व्यवसाय को ले जाते हैं ऊंचाईयों पर 

बृहस्पति का धनु राशि मे होना करियर के क्षेत्र में अच्छी सफलता दिलाने वाला होता है। अपनी कार्य करने की संकल्प शक्ति और दृढ़ता का विचार इन्हें ऊंचाइयां दिलाने में सहायक होता है। वृहत जातकम और सारावली के अनुसार बृहस्पति के धनु राशि में होने पर मुखिया की भूमिका निभाने वाला होता है। बृहस्पति के धनु राशि में होने का प्रभाव जातक को उच्च पद पाने वाला तथा अपनी प्रतिभा के द्वारा दूसरों पर शासन करने की योग्यता भी देता है। सरकार और राजनीति के क्षेत्र में इनका योगदान काफी महत्वपूर्ण रह सकता है। धनु राशि और बृहस्पति दोनों का ही राजसिक स्वरूप भी है जो जातक को राज्य एवं प्रजा के मध्य उच्च स्थान दिलाने में सहायक होता है। 

 

जातक सेना, सुरक्षा, सचिव, कमांडर, चीफ का पद प्राप्त कर सकता है। बृहस्पति का धनु में होना उच्च संस्थान में अध्यक्ष का पद दिलाने वाला हो सकता है।। जातक के लिए शिक्षा से जुड़ा व्यवसाय काफी सकारात्मक फल देने वाला हो सकता है। जातक किसी भी रुप में गुरु, शिक्षक, आचार्य, सलाहकार इत्यादि का पद संभाल रह सकता है।  धनु राशि और बृहस्पति ग्रह भाग्य को वृद्धि प्रदान करते हैं। काल पुरुष कुंडली में दोनों ही भाग्य भाव से संबंधित होने पर जातक अपने जीवन में भाग्य का सहयोग पाता है। प्रसिद्धि और उपलब्धियों को पाने में भी ये काफी सफल होते हैं। बहुत कर्तव्यपरायण और मेहनती होते हैं, और जीवन में बाधाओं को पार करते हुए आगे बढ़ सकते हैं। 

 

प्रेम और विवाह संबंध के प्रति होते हैं निष्ठावान 

प्रेम संबंध अच्छे होते हैं जातक अपने प्रेम और अपने साथी के प्रति लगाव रखता है। स्वतंत्रता के प्रति काफी उन्मुख होते हैं किंतु अपने साथी को नियंत्रण में रखने की इच्छा भी होती है। अपने प्रेम को लेकर काफी संजीदा भी होते हैं। अपने रिश्ते में दूसरों का हस्तक्षेप पसंद नहीं आता है। रिश्तों में जिम्मेदारी को लेकर भी काफी सजग होते हैं। रोमांस और यौन संबंधों में सक्रियता पसंद करते हैं। दांपत्य जीवन में अपनी जिम्मेदारियों के प्रति काफी निष्ठावान होते हैं। रिश्तों में कुछ अधिक दबाव भी बना सकता है। अपने जीवन साथी के लिए काफी उत्साहित और आशावान होते हैं। अपने साथी के साथ घूमने फिरने और नई चीजों में शामिल होने की चाह भी रखते हैं रिश्तों में गर्मजोशी का भाव रखते हैं। 

आप हमारी वेबसाइट से सभी भावों में बृहस्पति के प्रभावग्रहों के गोचर और उसके प्रभावों के बारे में भी पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य