मुख्य पृष्ठ ग्रहों बृहस्पति बृहस्पति मीन राशि में

प्रीमियम उत्पाद

Jupiter in Pisces Sign

मीन राशि बृहस्पति की स्वराशि है, अर्थात बृहस्पति इस राशि का स्वामित्व पाता है। अपनी ही राशि में बृहस्पति का होना एक शुभ स्थिति मानी जाती है। यहां बृहस्पति अपने गुणों में वृद्धि पाता है, तथा सकारात्मक फल देने में भी सफल होता है। मीन राशि एक जल तत्व राशि और यहां बृहस्पति का होना इसे कुछ शीतलता देने वाला भी होता है। बृहस्पति का प्रभाव कोमल उदार एवं भावनात्मक गुणों को विकसित करने वाला होता है। अपने घर पर रहते हुए बृहस्पति गुणों को बेहतर रुप से सामने लाता है। 

 

मीन राशि को ज्योतिष शास्त्र में बहुत ही शुभ राशि का स्थान भी प्राप्त है। यह एक आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी राशि भी है, जो व्यक्ति के विकास में अहम भूमिका निभाती है। इसके प्रभाव से व्यक्ति मान सम्मान पाता है। इसके साथ समाज में एक अच्छा स्थान भी पाता है। धार्मिक गतिविधियों से जुड़ा रहने वाला हो सकता है। परोपकारिता एवं दया के कार्यों में आगे रह कर भागीदारी भी दिखाता है। 

 

बृहस्पति के मीन राशि में होने से व्यक्ति को अच्छी बौद्धिकता प्राप्त कराता है। ज्ञान के ग्रह का एक शुभ राशि में होना व्यक्ति की विचारशीलता को भी पवित्रता प्रदान करता है। शुभ कर्मों को करने की ओर अधिक रुझान होता है। समाज कल्याण के प्रति भी वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करता है। अच्छी विरासत और बहुत सा धन पाने में भी सफल होता है। व्यक्ति के जीवन में चाहे संघर्षों को देखें किंतु उसके भीतर आशा उसे जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाली होती है। मीन में बृहस्पति जीवंत और भावनात्मक होने का गुण भी प्रदान करता है। 

 

भावनात्मक एवं संवेदनशीलता का भाव रखते हैं  

बृहस्पति के मीन राशि में होने पर व्यक्ति का स्वभाव नम्र एवं सज्जन होता है। लोगों के मध्य उसे प्रतिष्ठा भी प्राप्त होती है। वह आकर्षण एवं चुम्बकीय व्यक्तित्व को भी पाने में सफल होता है। अपने ज्ञान द्वारा दूसरों का मार्गदर्शन करने की कला भी व्यक्ति में होती है। व्यक्ति मध्यम कद का, स्वस्थ, प्रसन्नचित व्यवहार रखता है। मीन राशि बारहवें भाव से संबंधित राशि भी होती है, तो स्वाभाविक रुप से इसमें आध्यात्मिकता का वो रंग दिखाई देता है जो अन्यों में नहीं मिल सकता है। 

 

व्यक्ति कई चीजों का जानकार भी हो सकता है। कल्पना शक्ति भी अच्छी होती है और अपनी कल्पनाओं में रंग भरने की इच्छा भी प्रबल होती है। अपने आस पास के दायरे में प्रशंसा के पात्र होते हैं। अपनों के साथ सहयोग की भावना ही इन्हें दूसरों के समक्ष इतना स्थान दिलाती है। मित्रों का प्रेम एवं सम्मान पाने में सफल रहते हैं। बृहस्पति के मीन राशि में होने के प्रभाव स्वरूप व्यक्ति गुणवान और नैतिक दृष्टिकोण से काफी जागरूक होता है। 

 

न्याय प्रिय होते हैं और किसी के हक को मारने की कामना नहीं रखना चाहेंगे। लोकप्रिय और प्रशंसनीय भी होते हैं। दूसरों की मदद करने के अवसर को कभी नहीं छोड़ते हैं। दूसरों की जरूरतों के प्रति काफी संवेदनशील होते हैं और हर संभव कोशिश करते हैं की किसी को कोई कमी का अनुभव न हो पाए। जातक अपने कार्य में कुशल होता है तथा निपुणता के साथ चीजों को पूरा करने का प्रयास भी करता है। 

 

करियर और व्यवसाय में बुलंदियों को छूते हैं 

बृहस्पति ज्ञान और आत्मा के विस्तार करने की क्षमता रखता है और मीन में होने पर इसमें निखार आता है। एक शिक्षक होकर दूसरों को अच्छी शिक्षा एवं बेहतर सलाह देने का गुण होने के कारण इस क्षेत्र में आगे बढ़ कर मान सम्मान के साथ आर्थिक लाभ को भी अर्जित कर पाने में सफल रह सकते हैं। मीन राशि में बृहस्पति/Jupiter in Pisces एक अच्छे गुरु की भूमिका को दिखाता है। अनेक विद्याओं में रुचि होने के कारण ज्योतिष, योग तथा इसी प्रकार के गूढ़ ज्ञान से संबंधित कामों में शामिल हो सकते हैं। इनके लिए अध्ययन, प्रशासनिक कार्य, सामाजिक कल्या से जुड़े काम, धार्मिक संस्थानों के निर्माण एवं उससे जुड़े काम, मार्केटिंग से जुड़ा काम, लेखन, पत्रकारिता के काम जातक के लिए अच्छे रह सकते हैं। 

 

भावनात्मक रूप से दूसरों की काउंसलिंग का काम बहुत अच्छे से कर सकते हैं। रहस्यवादी प्रथाओं से जुड़ कर काम कर सकते हैं। ये लोग जीवन और करियर में उच्च स्थान प्राप्त करते हैं। राजनीति में शामिल हो सकते हैं, किसी मंत्रालय का पदभार भी संभाल सकते हैंराजनयिक हो सकते हैं, और सरकारी नौकरी में उच्च पद प्राप्त कर सकते हैं। विदेशी स्थानों पर रह कर करियर में सफलता को पाने में भी सफल हो सकते हैं।

 

प्रेम और विवाह संबंध 

मीन राशि में बृहस्पति/Jupiter in Pisces का होना प्रेम को भावनात्मक रुप से गहरा रंग देता है। व्यक्ति के भीतर अपने साथी के प्रति बहुत अधिक लगाव रहता है। साथी के प्रति उसका लगाव बहुत अधिक होता है। अपने रिश्ते में यह लोग काफी निष्ठा और आस्था रखते हैं। अपनी ओर से पूर्ण समर्पण का भाव भी दिखाते हैं ऐसे में यदि दूसरी ओर से इन्हें वह अपनापन न मिल पाए तो बहुत जल्द उदास भी हो जाते हैं। अपनी भावनाओं, विचारों और अनुभवों को साथी के साथ बांटना इन्हें पसंद होता है। अपने यौन संबंधों में कल्पना का रंग भी बहुत भरते हैं। वैवाहिक जीवन सामान्य होता है, तथा साथी का सुख भी पाते हैं। 

आप हमारी वेबसाइट से सभी भावों में बृहस्पति के प्रभावग्रहों के गोचर और उसके प्रभावों के बारे में भी पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य